Former MLA Anant Singh, a powerful figure in the Dularchand Yadav murder case, was arrested late Saturday night. He is the JDU candidate from the Mokama constituency.
तीन दिनों से बिहार चुनाव प्रचार के दौरान सर्वाधिक चर्चित दुलारचंद यादव हत्याकांड में बाहुबली पूर्व विधायक अनंत सिंह को शनिवार की देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। बाहुबली अनंत सिंह मोकामा सीट से जदयू के प्रत्याशी हैं। मोकामा के जनसुराज पार्टी के प्रत्याशी के समर्थक दुलारचंद हत्याकांड में अनंत सिंह के खिलाफ भदौर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मालूम हो कि दुलारचंद यादव का टाल इलाके में काफी दबदबा था।
बताया गया कि अनंत सिंह ने शनिवार को मोकामा विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार किया था। इसके बाद वह बाढ़ में कारगिल बाजार स्थित अपने आवास पर चले गये थे। आधी रात में करीब पौने एक बजे पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा भारी पुलिस बल के साथ उनके आवास पर पहुंचे और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
सोते हुए गिरफ्तार अनंत सिंह गिरफ्तार
बताया गया कि जब पुलिस बल अनंत सिंह के घर पर दबिश दी तब वह सो रहे थे। समर्थकों के मुताबिक, पुलिस ने उन्हें जगाया और साथ में चलने को कहा। इसके बाद अनंत सिंह तुरंत तैयार होकर पुलिस टीम के साथ चल दिये। सूचना है कि गिरफ्तारी के बाद उन्हें पटना लाया गया। वहां शुक्रवार को संभवत: उनसे पूछताछ की जायेगी। इसके बाद पुलिस न्यायिक हिरासत में भेजने पर विचार करेगी।
नामजद आरोपी हैं अनंत सिंह
दुलारचंद यादव की हत्या गुरुवार को तब कर दी गई थी, जब वे जनसुराज के प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के समर्थन में चुनाव प्रचार कर रहे थे। उसी दौरान अनंत सिंह का काफिला गुजर रहा था। इस दौरान दोनों के समर्थकों के बीच हिंसक झड़प हो गई। हत्याकांड को लेकर तीन अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। एक प्राथमिकी दुलारचंद के पोते नीरज ने दर्ज कराई है। उसमें अनंत सिंह, उनके दो भतीजे और दो अन्य समर्थकों पर हत्या का आरोप लगाया गया है। दूसरी प्राथमिकी अनंत सिंह के समर्थक जीतेंद्र कुमार ने दर्ज कराई है। एक प्राथमिकी पुलिस ने अज्ञात पर दर्ज की है। अनंत सिंह को गिरफ्तारी के लिए पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा खुद बाढ़ पहुंचे थे।
दुलारचंद यादव की प्रचार के दाैरान गुरुवार को मार डाला
![]() |
| दुलारचंद के घर के बाहर जमा भीड़ |
स्थानीय लोगों ने बताया कि खुशहाल चक के निकट पीयूष गुरुवार दोपहर बाद करीब 3:30 बजे अपने सैकड़ों समर्थकों और दुलारचंद यादव के साथ प्रचार कर रहे थे। उसी रास्ते से अनंत सिंह का काफिला गुजर रहा था। बताया जाता है कि दोनों पार्टी के समर्थकों के बीच गाली गलौज शुरू हो गई। बात बढ़ने पर ईंट-पत्थर चलाना शुरू कर दिया। बाद में गोली भी चली। लोगों के मुताबिक 10 से ज्यादा गोलियां चलाई गईं। एक गोली दुलारचंद यादव के पैर में लगी। बाद में उनपर कार चढ़ा दी गई जिससे उनकी मौत हो गई। पथराव में कई गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। मृतक के भतीजे रवि कुमार ने आरोप लगाया कि अनंत सिंह द्वारा पहले ही उन्हें धमकी दी जा रही थी। अनंत सिंह के 15-20 लोगों ने मिलकर पहले उनके चाचा को गोली मारी और फिर गाड़ी चढ़ाकर हत्या कर दी।
दुलारचंद पूर्व में अपराधी रहे
उस दिन एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने कहा था कि मोकामा के तारतर गांव के पास दो पक्षों के बीच मारपीट हुई। वहां दो से तीन चार चक्का वाहन खड़ी पाई गई। उस वाहन का शीशा टूटा हुआ था। इसमें से एक वाहन में दुलारचंद यादव का शव पाया गया। दुलारचंद इस क्षेत्र के पूर्व में अपराधी रहे हैं। उन पर हत्या और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं।
अनंत सिंह का आरोप, राजद नेता सूरजभान की साजिश
जदयू प्रत्याशी अनंत सिंह ने कहा था, जब चुनाव प्रचार कर लौट रहे थे तो हम आगे निकल गए। पीछे रह गई गाड़ियों को जनसुराज समर्थकों ने घेर लिया और ईंट पत्थर से हमला कर दिया था। अनंत सिंह ने इसे राजद नेता सूरजभान सिंह की साजिश बताया है। हालांकि सूरजभान सिंह ने अनंत सिंह के आरोप पर कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया था।
अन्य खबरें के लिंक
https://kanchanwani2020.blogspot.com/2025/12/2025.html
https://kanchanwani2020.blogspot.com/2025/12/mf-husain-museum-doha.html
https://kanchanwani2020.blogspot.com/2025/11/national-cancer-awareness-day-between.html
https://kanchanwani2020.blogspot.com/2025/10/villages-cry-of-sorrow.html
https://kanchanwani2020.blogspot.com/2025/11/industrial-revolution-mega-plan.html
https://kanchanwani2020.blogspot.com/2025/11/new-labor-codes-positive-outcome-for.html
https://kanchanwani2020.blogspot.com/2025/11/bihar-politics-nitish-governments.html
https://kanchanwani2020.blogspot.com/2025/10/british-era-jailer-asrani-is-no-more.html

प्लीज, अपना मत जरूर लिखें
ReplyDelete