Search This Blog

Sunday 10 January 2021

बर्ड फ्लू : एक और महामारी की ओर बढ़ रहा भारत (Bird Flu: India heading towards another pandemic)

                                                                                                                                प्रतीकात्मक तस्वीर

 बर्ड फ्लू का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। भारत में अब तक सात राज्यों में बर्ड फ्लू की पुष्टि कर दी गई है। उत्तरप्रदेश और हरियाणा में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद दिल्ली में  अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। फिरभी भारत एक और महामारी की ओर बढ़ रहा है।

 

देश में बर्ड फ्लू का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। अब तक सात राज्यों में बर्ड फ्लू की पुष्टि कर दी गई है। उत्तरप्रदेश और हरियाणा में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद दिल्ली में  अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।  इसके बावजूद कई जगहों से पक्षी की मौत की सूचना आ रही है। बर्ड फ्लू के फैलते संक्रमण के कारण भारत के सामने एक बार फिर सेहत पर संकट के काले बादल मंडराने लगे हैं। कोरोना और कोरोना के नए स्टेन से विश्व के साथ भारत पहले से ही सेहत के संकट से जूझ रहा है।   केंद्र सरकार ने उत्तरप्रदेश, केरल, राजस्थान, मध्यप्रदेश, हिमाचल प्रदेश, गुजरात और हरियाणा में बर्ड फ्लू से पक्षियों की मौत की पुष्टि कर दी। हालांकि इनमें एच5एन1 की अभी पुष्टि नहीं हुई है। इसके बावजूद केंद्र सरकार ने राज्यों से पक्षियों की मौत पर सतर्कता बरतने और उपाय लागू करने संबंधी परामर्श जारी कर दिए हैं। सभी राज्यों को अविंलब इसकी सूचना केद्र को भेजने के लिए कहा गया है।

उत्तर से दक्षिण तक फैल चुका है वायरस

भारत के उत्तर से दक्षिण तक बर्ड फ्लू ने अपना पैर पसार लिया है। कौओं, बत्तखों, टिटहरियों और प्रवासी पक्षियों से होते हुए बर्ड फ्लू अब मुर्गियों में फैलनी शुरू हो गई है। केंद्र सरकार ने हरियाणा के दो पोल्ट्री फार्म में इस संक्रमण के फैलने की पुष्टि कर दी है। महाराष्ट्र के परभाणी में 900 मुर्गियों की मौत की सूचना है। हालांकि जांच रिपोर्ट का इंतजार है। उत्तरप्रदेश के कानपुर चिड़ियाघर में बर्ड फ्लू की पुष्टि हो गई है। बुधवार को चार पक्षियों की मौत के बाद भेजे गए सैंपल में बर्ड फ्लू संक्रमण पाया गया है। भोपाल की लैब से रिपोर्ट मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। अगले आदेश तक चिड़ियाघर सील कर दिया गया है। बिहार में भी अलग-अलग 125 पक्षियों की मौत की सूचना है, मगर अभी जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पशुपालन व डेयरी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राजस्थान के बारां, कोटा, झालवाड, मध्यप्रदेश के मंदासैर, इंदौर व मालवा में कौओं की मौत हुई है। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में प्रवासी पक्षियों, केरल में कोट्टायम व अल्लपुझा में पोल्ट्री व बतख की मौतें हुई हैं। भारत सरकार के आईसीएआर-एनआईएचएसएडी भोपाल में संक्रमित नूमनों की जांच के बाद बर्ड फ्लू की पुष्टि हो गई है। अधिकारियों का कहना है कि बर्ड फ्लू संक्रमण की स्थिति को देखते हुए पांच जनवरी को हिमाचल प्रदेश को परामर्श जारी किया गया है। इसमें राज्य को पोल्ट्री की बीमारी को आगे बढ़ने से रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की सलाह दी गई है।
  

घातक होता है इसका वायरस

यह सच है कि बर्ड फ्लू कोई नई बात नहीं है। फिरभी मानवजाति के लिए यह बहुत ही खतरनाक है। डॉक्टरों का कहना है कि इसका वायरस काफी घातक होता है। इससे संक्रमित होने के बाद इंसान की मृत्यु-दर लगभग 60 फीसदी आंकी गई है। विश्व स्वास्थ्य संगठन दुनियाभर के देशों को इसे लेकर आगाह करता रहता है कि  सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए बर्ड फ्लू बेहद गंभीर है। पोल्ट्री फॉर्म को लेकर लोग ज्यादा चिंतित हैं। केंद्र से लेकर राज्य सरकार तक पोल्ट्री फॉर्म की निगरानी बढ़ाने के निर्देश जारी  किए हैं। सर्दियों में पोल्ट्री उत्पादों की खपत बढ़ जाती है। ऐसे में कोई भी लापरवाही भारी जानलेवा साबित हो सकती है। वैसे भी, कोविड-19 को लेकर जिस तरह दुनिया फंसी है, ऐसे में  सतर्कता ही कारगर होगा। विशेषज्ञों का कहना है कि बचाव पर अमल करें। पहले से एहतियात बरतें, ताकि किसी भी प्रकार के संक्रमण के खतरे को दूर किया जा सके। डॉक्टर ने कहा कि अभी यह कुछ राज्यों में है, इसे रोकना जरूरी है। नहीं तो यह महामारी की तरह फैलता जाएगा।

कोरोना की तरह बर्ड फ्लू भी पहली बार चीन में  दिखा
 पहली बार बर्ड फ्लू का वायरस 1996 में चीन में मिला था। 1997 की बात है पूरी दुनिया में तहलका मच गया था जब हांगकांग में मनुष्य में पहला केस रिपोर्ट किया गया। पहली बार बर्ड फ्लू बीमारी सामने आया था। बताया गया कि एन्फ्लूएंजा नामक वायरस से यह बीमारी फैलती है। तब वैज्ञानिकों ने बताया था कि इसमें 16 स्ट्रेन होते हैं। इनमें केवल एच5एन1 स्ट्रेन है जो इंसानों को प्रभावित करता है। अन्य 15 तरह के स्ट्रेन सिर्फ पक्षियों को  प्रभावित करता है। 2006 की बात है जब यह वायरस चीन-हांगकांग से टहलते हुए भारत पहुंच गया। डॉक्टरों का कहना है कि यह बीमारी आमतौर पर पेशाब और मल के जरिए  फैलती है।

क्या है एनफ्लूएंजा
मेडिकल साइंस में इसे  एवियन एन्फ्लूएंजा कहा जाता है। यह संक्रामक है। यह एक पक्षी से दूसरे पक्षियों या जानवरों तक फैल सकता है। इसकी वजह से हर साल दुनियाभर में कई पक्षियों की मौत हो जाती है। यह जानलेवा भी हो सकता है। जानकर आश्चर्य होगा कि इसके वायरस भी कोरोना स्ट्रेन की तरह चेंज होते रहते हैं।  अभी तक जो बताया जा रहा है कि इसके 16 स्ट्रेन हैं, इनमें से एच7एन3, एच7एन7, एच7एन9, एच9एन2 और एच5एन1 प्रमुख हैं।

कैसे फैलती है यह बीमारी
एवियन एन्फ्लूएंजा वायरस खासतौर पर ठंड के मौसम में  फैलता है। इस समय जब विदेशी पक्षी भारत में आते हैं। इसके जरिए यह भारतीय पक्षियों में वायरस आता है। देश भर में 15 हजार से ज्यादा पक्षी विहार हैं। यहां देसी के साथ विदेशी पक्षियां मिल जाती हैं। इस कारण अधिकतर जंगली पक्षी इसके प्रभाव में आ जाते हैं। इसके बाद पॉल्ट्री की पक्षियों में यह बीमारी देखी जाती है। इस बार भी बत्तख और चिकन में यह बीमारी देखी जा रही है। इस वायरस से प्रभावित बत्तख या चिकन खानेवाले लोग इसके प्रभाव में  आ जाते हैं।

सुरक्षा के लिए एहतियात जरूरी
किसी भी प्रकार की दहशत में आए बिना हम एहतियात बरत कर बर्ड फ्लू के वायरस से बच सकते हैं।  डब्ल्यूएचओ के मुताबिक, यदि पोल्ट्री उत्पादों को 70 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान में अच्छी तरह पकाकर खाया जाए, तो वह भोजन सुरक्षित है। कच्चे या अधपके मांसाहार से दूर रहें। चिंता का विषय यह है कि भारत में भी खान-पान के मामले में हर दिन नए-नए प्रयोग होने लगे हैं। ऐसे में सावधानी की जरूरत अब पहले से ज्यादा है। कोविड-19 के दुष्प्रभाव के बाद हमें बर्ड फ्लू की चुनौती को गंभीरता से लिए जाने की जरूरत है। भारत के हर नागरिक को इसके लिए सतर्क रहना होगा। अपने पारंपरिक खान-पान पर ध्यान देने की जरूरत है। बाजार में  पके मांसाहार से हमें दूर रहना चाहिए। इस समय लोगों को जागरूक करने की जरूरत है। सरकार की ओर से भी जागरुकता अभियान चलाना चाहिए, ताकि हमारा स्वास्थ्य ढांचा ठीक रहे। यह संक्रामक बीमारी है। इसलिए अगर इन दिनों कहीं पर अपने आप कोई पक्षी मरा हुआ दिखे तो उससे दूर रहें। उसे न छूएं, उससे संक्रमण का खतरा हो सकता है।

अब तक कोई केस सामने नहीं आया

पशुपालन मंत्री गिरिराज सिंह ने दावा किया कि भारत में अब तक कोई इंसान इसकी चपेट में  नहीं आया है। इसके बावजूद भारत सरकार बर्ड फ्लू को ले कर सतर्क है। विदेशी पक्षियों के आगमण काल के शुरुआत में  ही परामर्श जारी किया गया था। अक्तूबर में ही इसकी तैयारी शुरू कर दी गई थी। इसके लिए कंट्रोल रूम बना हुआ है। उनका कहना था कि ओआईई के गाइडलाइन के अनुसार, अच्छी तरह से पके मीट और अंडे का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे कोई रोग नहीं फैलता। हालांकि, इस दौरान मंत्री ने कहा कि भोपाल में हुई जांच में बर्ड फ्लू के एच5एन8 पाया गया है। 

                                                                                                            -तरुण कुमार कंचन

                                                                                 दिल्ली में बत्तखों पर छिड़काव की तस्वीर
 
 

1 comment:

  1. समय रहते सतर्कता बरती जाएगी तो बर्ड फ्लू पर भी भारी हो जाएंगे।

    ReplyDelete

अपशगुन माने जाते थे जगतगुरु रामभद्राचार्य Jagatguru Rambhadracharya was considered a bad omen

जो बालक बचपन में अपशगुन बन गया था। शादी विवाह में भी उन्हें शामिल नहीं किया जाता था। अपने लोग भी साथ नहीं ले जाते थे। आज पूरे दे...